Header Ad


पटपर काली माता झांकी के दौरान बेकाबू हुई भीड़, युवक बेहोश, कार्यक्रम बंद



post

पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के ग्राम घुमका में आयोजित प्रसिद्ध पटपर काली माता झांकी कार्यक्रम के दौरान बुधवार रात अचानक हालात बिगड़ गए। अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने से कार्यक्रम स्थल पर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान एक युवक बेहोश हो गया, जबकि मंच की ओर चप्पल फेंके जाने की घटना ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति ने कार्यक्रम को बीच में ही बंद कराने का निर्णय लिया।

जानकारी के अनुसार, बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम घुमका स्थित हाई स्कूल मैदान में नव युवा समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से राजनांदगांव जिले के ग्राम पटपर की प्रसिद्ध ‘दाई के दुलरवा नवरत्न जस दुर्गा झांकी’ का आयोजन किया गया था। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के इस कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात भीड़ लगातार बढ़ती गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बनने लगी। इसी बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसे हालात निर्मित हो गए। अफरा-तफरी के दौरान एक युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।

स्थिति तब और संवेदनशील हो गई जब एक असामाजिक तत्व द्वारा मंच की ओर चप्पल फेंकने की घटना सामने आई। इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। किसी बड़े विवाद या अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

हालांकि करीब एक घंटे तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आयोजन समिति तथा प्रशासन ने आपसी सहमति से आधी रात कार्यक्रम को बंद कराने का निर्णय लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम की लोकप्रियता को देखते हुए इस बार अपेक्षा से कहीं अधिक भीड़ उमड़ी थी। ऐसे आयोजनों में भविष्य में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, PATPAR JHANKI NEWS, PATPAR JHANKI KE DARAN BEKABU HUI BHID NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER