राजभवन में सम्मानित हुए धमतरी पुलिस के योग प्रशिक्षक, पुलिस की पाठशाला को मिली बड़ी उपलब्धि



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी पुलिस की अभिनव पहल “पुलिस की पाठशाला” को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षण देने वाले आरक्षक सुजय मंडल और उनकी शिष्या रूची साहू को उत्कृष्ट योग प्रशिक्षण एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए राजभवन में सम्मानित किया गया।

राजभवन स्थित छत्तीसगढ़ मड़पम में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल रमन डेका ने आरक्षक सुजय मंडल और रूची साहू को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान धमतरी पुलिस की फिटनेस और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

आरक्षक सुजय मंडल मयूरासन, चक्रासन, धनुरासन, हलासन और शीर्षासन जैसे कठिन योग आसनों में विशेष दक्षता रखते हैं। वे पुलिस लाइन रुद्री में नियमित रूप से पुलिस अधिकारियों और जवानों को योग प्रशिक्षण देते हैं। उनके प्रशिक्षण से जवानों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास हो रहा है, जिससे वे अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर पा रहे हैं।

वहीं, उनकी शिष्या रूची साहू को भी योग प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय योगदान के लिए राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया गया। रूची साहू ने योग की शिक्षा सुजय मंडल से प्राप्त की है और लगातार योग अभ्यास के साथ अन्य लोगों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

सम्मान मिलने के बाद सुजय मंडल और रूची साहू ने पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार से सौजन्य मुलाकात कर उनका आभार जताया। इस अवसर पर एसपी ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए योग प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों का शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है और योग इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS RAJBHAVANMESAMMANITHUYEDHAMTARIPOLICEKIYOGPRASHIKCHAKNEWS SAMMANITHUYEDHAMTARIPOLICEKEYOGPRASHIKCHAKNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER