बोतल में पेट्रोल नहीं मिला तो ट्रैक्टर में बाइक लादकर पेट्रोल पंप पहुंचा युवक, VIDEO वायरल



post

पब्लिक स्वर,गरियाबंद। गरियाबंद जिले में पेट्रोल पंपों पर बोतल, जरेकिन और प्लास्टिक डब्बों में पेट्रोल देने पर लगी रोक के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है। बाइक में पेट्रोल खत्म होने के बाद एक युवक ऐसा देसी जुगाड़ लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा कि वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। युवक अपनी मोटरसाइकिल को ट्रैक्टर-टॉली में लादकर सीधे पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप पहुंच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक मामला गरियाबंद जिले के शांति फ्यूल्स पेट्रोल पंप का है। बताया जा रहा है कि युवक की बाइक रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के कारण बंद हो गई थी। उसने आसपास काफी कोशिश की, लेकिन जिले में लागू प्रतिबंध के चलते उसे कहीं भी बोतल या जरेकिन में पेट्रोल नहीं मिल सका। इसके बाद युवक ने अनोखा तरीका अपनाया और अपनी बाइक को ट्रैक्टर-टॉली में लादकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया।

पेट्रोल पंप परिसर में जब ट्रैक्टर-टॉली पहुंची तो वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए। ट्रॉली में सामान की जगह एक मोटरसाइकिल रखी हुई थी। बाद में युवक ने बाइक में पेट्रोल भरवाया और वहां से रवाना हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

इधर, जिले के देवभोग ब्लॉक में डीजल को लेकर अब भी परेशानी बनी हुई है। पेट्रोल पंपों के बाहर ट्रैक्टरों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। प्रशासन द्वारा डिब्बों और जरेकिन में तेल देने पर रोक लगाने के साथ ही डीजल की मात्रा भी सीमित कर दी गई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर वाहनों को अधिकतम 2 हजार रुपए तक का डीजल दिया जा रहा है, जिससे किसानों और ट्रैक्टर संचालकों को खेती-किसानी के कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका के बीच कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से किसानों और कृषि कार्य में लगे वाहनों के लिए अलग गाइडलाइन जारी करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर किसानों के साथ बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS GARIYABANDNEWS BOTALMEPETROLNAHIMILNEPARTRECTORMEBAIKELEKARPAHUNCHAYUVAKNEWS TRECTORMEBIKELEKARPAMPPAHUNCHAYUVAKNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER