आरंग में पूर्व सरपंच से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, गोल्डी शर्मा और अभिजीत गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,आरंग/रायपुर। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी का आरोप लगाकर सतनामी समाज के पूर्व सरपंच के साथ मारपीट और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और बुधवार को रायपुर एयरपोर्ट से हिरासत में लिए गए। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

यह मामला 14-15 मई की रात ग्राम गुदगुदा में सामने आया था, जहां पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे को कथित गौ सेवकों ने मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए रोका। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया।

समाज में आक्रोश, थाने का घेराव

घटना के विरोध में 16 मई को बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग आरंग थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात किया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा, डीएसपी लंबोदर पटेल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम समेत कड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कानून अपने हाथ में लेकर कुछ लोग सामाजिक तनाव बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

साइबर सेल और ACCU की मदद से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए आरंग पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी निगरानी के लिए साइबर सेल और ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की सहायता ली। इनपुट्स के आधार पर रायपुर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई, जहां से बुधवार को गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को हिरासत में लिया गया।

डीएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया था और आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।

कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा”

डीएसपी पटेल ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था बिगाड़ने या खुद कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में इस तरह की गुंडागर्दी और हिंसक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे आरोपी कोई भी हो।

इलाके में शांति बनाए रखने की अपील

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने सतनामी समाज के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS ARANGNEWS RAIPURARANGNEWS GOLDISHARMANEWS GOLDISHARMAORABHIJITGIRAFTAARNEWS POORVSARPANCHSEMARPITMAMALEMEGOLDISHARMAGIRAFTAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER