पब्लिक स्वर,गोबरानवापारा/रायपुर। नवागांव लखना रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के आदेशानुसार तथा उप-संचालक (खनिज प्रशासन) राजेश मालवे के नेतृत्व में 18 मई से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक एवं खनिज अमले द्वारा ग्राम लखना रेत खदान की जांच में स्वीकृत क्षेत्र से बाहर तथा पर्यावरणीय शर्तों का उल्लंघन कर दो चेन माउंटेड पोकलेन मशीनों से अवैध रेत उत्खनन किए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों मशीनों को जब्त कर सीलबंद किया गया तथा खनन कार्य तत्काल बंद कराया गया।
इसी क्रम में तहसील गोबरानवापारा के ग्राम नवागांव, जौंदा, जौंदी तथा डगनिया में महानदी से रेत लाकर अवैध भंडारण का मामला भी सामने आया। जांच में अनिल कुमार साहू, गोविंद साहू, ईश्वर पटेल, प्रताप सेन, त्रिलोकी साहू, अजय साहू एवं मनीष ठाकुर के यहां बिना वैध अनुमति के रेत भंडारण पाया गया। विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत संपूर्ण अवैध रेत जब्त कर संबंधितों को नोटिस जारी किया है।
खनिज विभाग के उप-संचालक राजेश मालवे ने बताया कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय स्तर पर नवागांव लखना रेत खदान को लेकर गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार खदान क्षेत्र में लंबे समय से मशीनों के माध्यम से देर रात बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों ट्रिप तक परिवहन होने की बात कही जा रही है। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि इस पूरे कारोबार में खनिज विभाग के संरक्षण की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ताजा कार्रवाई और शिकायतों ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

User 1









