धमतरी में कार और बाइक को रस्सी से खींचकर पेट्रोल पंप पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भखारा में महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और खाद संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भखारा के नेतृत्व में आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता कार और बाइक को रस्सी से खींचते हुए पेट्रोल पंप तक पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और क्षेत्र में पेट्रोल की कथित कमी को बड़ा मुद्दा बताया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पेट्रोल पंपों में ईंधन उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक रूप से वाहनों को बिना पेट्रोल रस्सी से खींचकर प्रदर्शन किया।

धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। दाल, तेल, सब्जी, दूध, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा अब तक केवल घोषणा बनकर रह गया है। खाद और ईंधन संकट के कारण किसानों की खेती की लागत बढ़ती जा रही है, जबकि आमदनी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि “डबल इंजन सरकार” महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पहुंचकर पेट्रोल उपलब्ध कराने की मांग भी की। कांग्रेस का कहना है कि यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों, खाद संकट और महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो पार्टी जिलेभर के पेट्रोल पंपों पर चरणबद्ध आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करेगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS KURUDNEWS DHAMTARIKURUDNEWS CARORBAIKEKORASSISEKHICHANEWS CARORBAIKEKORASSISEKHICKARPETROLPAMPPAHUNCHECONGRESSKARYKARTANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER