पब्लिक स्वर,बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक मामला सामने आया है। पति की अचानक मौत का सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर पाई और दो दिन बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से गांव में शोक की लहर फैल गई है। स्वजन गहरे सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट का विवाह करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केंवट से हुआ था। दोनों सामान्य लेकिन खुशहाल जीवन बिता रहे थे। परिवार की जिंदगी में अचानक उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पति की असमय मौत के बाद सुनीता गहरे सदमे में चली गई थी। स्वजन के मुताबिक, वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। मंगलवार देर रात उसने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
देर रात जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर झूल रही थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना बुधवार सुबह पचपेड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, गांव में लगातार दो दिनों के भीतर हुई इस दर्दनाक घटना से मातम पसरा हुआ है। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद सुनीता का शव गांव पहुंचा, जहां शोकपूर्ण माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए और परिवार को ढांढस बंधाया।

User 1











