पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बैंक मित्र से 2 लाख रुपए की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए पहले पीड़ित की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र के रूप में कार्य करता है। सोमवार शाम करीब 5 बजे वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से 2 लाख रुपए निकालकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान खोरपा और बिरोदा गांव के बीच पगडंडी मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक उसकी आंखों की ओर मिर्च पाउडर फेंक दिया। मिर्च पाउडर आंखों में जाने से उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी मौके का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने अपनी बाइक सामने अड़ा दी और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी बैंक से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही वह नकदी लेकर निकला, बदमाशों ने उसका पीछा किया और सुनसान मार्ग पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटना स्थल तक जाने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच के दायरे में ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

User 1














