पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद में मंगलवार सुबह एक स्टील प्लांट में हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में सुबह करीब 5:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लांट में पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते उसने प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अमला
मामले में तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। साथ ही आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल स्टील प्लांट में लगी आग को पूरी तरह बुझाने के लिए अभियान जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

User 1









