शादी से इनकार का बदला लेने युवती के पिता पर किया चाकू से वार, आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक बनवा रहे व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

सरनेम बदलकर शुरू की थी शादी की बातचीत

पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, कुदुदंड पानी टंकी के पास रहने वाला साहिल मरावी सिविल लाइन क्षेत्र की एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने शुरुआत में खुद को साहिल मानिकपुरी बताकर युवती के परिवार से संपर्क किया था, जिसके बाद विवाह को लेकर बातचीत शुरू हुई।

हालांकि बाद में परिवार को युवक की वास्तविक पहचान और सरनेम की जानकारी मिली। इसके बाद युवती के परिजनों ने रिश्ता करने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बावजूद साहिल लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था और परिवार को परेशान कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी लगातार गतिविधियों से परेशान होकर परिवार ने अपना किराए का मकान छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी भी शुरू कर दी थी।

गैरेज में घेरकर किया हमला

सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी घर के पास स्थित एक गैरेज में अपनी बाइक की मरम्मत कराने पहुंचे थे। इसी दौरान साहिल मरावी वहां चाकू लेकर पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने बिना किसी बातचीत के मोहितदास पर हमला कर दिया और सीने तथा पीठ पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी मोहितदास ने हमलावर का विरोध किया और उसे पकड़ने की कोशिश की। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

गैरेज में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी युवक पीड़ित पर एक के बाद एक करीब छह बार चाकू से वार करता दिखाई दे रहा है।वीडियो में यह भी नजर आता है कि गंभीर चोट लगने के बावजूद पीड़ित हमलावर का मुकाबला करने की कोशिश कर रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

भागते समय गिरा, फिर पुलिस ने दबोचा

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। CCTV फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश के दौरान आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पहचान छिपाने और दबाव बनाने के आरोप

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने विवाह की बातचीत शुरू करने के दौरान अपनी पहचान को लेकर गलत जानकारी दी थी। रिश्ता टूटने के बाद वह लगातार युवती और उसके परिवार पर दबाव बना रहा था। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम, आरोपी की मंशा और पूर्व में की गई गतिविधियों की भी जांच कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS SHIVILLAINETHANANEWS BILASPURSHIVILLAINTHANANEWS SADISEINKAARNEWS SADISEINKAARPARCHAKUSEHAMLANEWS SADISEINKAARPARYUVTIKEPITAPARCHAKUSEHAMLANEWS YUVTIKEPITAPARCHAKUSEHAMLANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER