पब्लिक स्वर,रायपुर। आम प्रेमियों के लिए रायपुर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा ‘प्रकृति की ओर सोसायटी’ के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों की प्रदर्शनी के साथ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के आम उत्पादक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा आम से बने व्यंजन और आम से सजावट की प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक भी भाग ले सकेंगे। खास बात यह है कि प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा। आम लोगों के लिए प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी।
प्रदर्शनी में दुर्लभ और विशेष किस्मों के आम, आम से बने उत्पाद और आम के पौधे बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं 30 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादकों और इच्छुक लोगों के लिए विशेष परिचर्चा का आयोजन होगा। इसमें बेहतर गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
31 मई को सफल आम उत्पादक किसानों और उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियां साझा की जाएंगी। इसी दिन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को प्रत्येक किस्म के 5 से 10 आम लाने होंगे। वहीं, आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कम से कम 250 ग्राम उत्पाद के साथ पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, पिछले दो वर्षों से आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला है और इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

User 1












