पब्लिक स्वर,नवापारा-राजिम। नवापारा-मगरलोड मार्ग पर महानदी स्थित त्रिवेणी पुल पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए किनारे पर लटक गया। राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि एक कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराया और रेलिंग तोड़ते हुए आधा हिस्सा पुल से नीचे की ओर लटक गया। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। यह पूरा मामला कड़ी करेली चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि घटना ने पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्रिवेणी पुल पर वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

User 1












