पब्लिक स्वर,रायपुर। मानसून की दस्तक से पहले राजधानी रायपुर में जलभराव और निकासी संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्षा पूर्व सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने नगर निगम जोन-10 के विभिन्न वार्डों का दौरा कर बड़े नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद गायत्री नौरंगे, सुषमा तिलक साहू और विनय पंकज निर्मलकर के साथ जोन-10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, उपअभियंता राहुल वैष्णव, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और स्वच्छता निरीक्षक अनिल झा भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर ने क्षेत्र के प्रमुख नालों की सफाई कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। साथ ही उन स्थानों का भी जायजा लिया, जहां हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई पूरी की जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां नालों की मरम्मत भी तत्काल कराई जाए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से जोन स्तर पर आवश्यक संसाधनों का उपयोग करते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम का लक्ष्य है कि मानसून के दौरान शहर में जलनिकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को आवागमन तथा स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए विभिन्न जोनों में नालों की सफाई, अवरोध हटाने और आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
नगर निगम के इस अभियान को मानसून पूर्व तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जिससे राजधानी में बारिश के दौरान संभावित जलभराव की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

User 1











