पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। स्कूल परिसर में दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्कूलों में छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, तिल्दा क्षेत्र के सासाहोली गांव स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अचानक चाकू निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। इस हमले में दूसरा छात्र घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान घायल छात्र ने किसी तरह हमलावर के हाथ से चाकू छीन लिया। इसके बाद गुस्से और आत्मरक्षा की स्थिति में उसने उसी चाकू से पलटवार कर दिया। इस दौरान हुए ताबड़तोड़ वार में चाकू निकालने वाला छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे छात्र का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों, विवाद की पृष्ठभूमि और चाकू स्कूल परिसर तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद स्कूल और गांव में शोक का माहौल है।

User 1










