पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के बोरई थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वीडियो में थाना प्रभारी द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल डीएसपी स्तर के राजपत्रित अधिकारी से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटनाक्रम 1 मई 2026 का है। जिले में अवैध गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बोरई थाना क्षेत्र में उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान एक वाहन को नाके पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ गया। इसके बाद थाना प्रभारी द्वारा उसका पीछा किया गया और बाजार क्षेत्र में वाहन रुकवाया गया। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक ने कार्रवाई के दौरान अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल किया गया वीडियो घटना का आंशिक हिस्सा ही दर्शाता है, जिसमें पूरी परिस्थिति नहीं दिखाई गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा खुद को कार्रवाई से बचाने के उद्देश्य से वीडियो वायरल किया गया हो सकता है।
जांच जारी, कार्रवाई संभव
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

User 1.jpg)
















