पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका इलाके में शनिवार रात छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चापड़ से गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया जिससे इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए परिजन व स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सूत्रों कि माने तो मृतक की पहचान अभिषेक यादव (22) के रूप में हुई है, जो मोपका गुड़ी मोहल्ले का निवासी था और बीए सेकंड ईयर का छात्र था। बताया गया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक पर उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई जिसके बाद करीब पांच युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
इधर शोर-शराबा सुनकर अभिषेक मौके पर पहुंचा और छोटे भाई को बचाने का प्रयास करने लगा पर आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
हमले के बाद आरोपी ओमप्रकाश का पीछा करते हुए पास की पुलिस चौकी तक पहुंच गए जिसके बाद डरा-सहमा ओमप्रकाश किसी तरह चौकी में घुसकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग अभिषेक को तुरंत अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग सरकंडा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव किया। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है, लेकिन पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

User 1











