पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब सिर्फ तस्करों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर सेवन करने वालों पर भी सख्ती शुरू हो गई है। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) का सेवन करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के भर्री पारा का है, जहां मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने जोधापुर वार्ड में एक युवक को खुलेआम नशा करते पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 0.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 7 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक मोपेड, मोबाइल फोन, लाइटर और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेश्वर यादव उर्फ धन्नू (22 वर्ष), निवासी सोरिद, जोधापुर वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में “ऑपरेशन निश्चय” सहित विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ सेवन करने वालों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

User 1















