पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में ऑनलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मोबाइल ऐप और UPI के जरिए चल रहे हाईटेक सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए पूरे गिरोह पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जिलेभर में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना पर गांधी मैदान के पास आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के करीब दबिश देकर आरोपी मनमोहन पटेल उर्फ छोटू (43) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी शंकर मंगलानी द्वारा उपलब्ध कराई गई आईडी के जरिए GOLDENEXCH.COM प्लेटफॉर्म पर आईपीएल मैच (CSK बनाम HRA) में हार-जीत का दांव लगवा रहा था। आरोपी ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराता था और UPI व QR कोड के माध्यम से पैसों का लेन-देन करता था। नए ग्राहकों को जोड़ने पर उसे कमीशन भी मिलता था।
जांच में सामने आया कि सट्टा संचालन के लिए मोबाइल ऐप, बैंक खातों और UPI ट्रांजेक्शन का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपी का सीधा संपर्क मुख्य सरगना शंकर मंगलानी से था, जो पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।पुलिस ने आरोपी के पास से एक OPPO F15 मोबाइल (कीमत करीब 10 हजार रुपए) जब्त किया है, जिसका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था।
इस मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(क) और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन जुआ और सट्टा जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे अवैध कार्यों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

User 1











