पब्लिक स्वर,कोंडागांव।कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत डोंगरी गुड़ा में एक शादी समारोह का भोज खाने के बाद गांव के 46 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए बताया गया कि प्रभावित लोगों में उल्टी और दस्त के लक्षण तेजी से सामने आए, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। वही एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग तत्काल हरकत में आया और मेडिकल टीम को मौके पर भेजा गया साथ ही गांव के स्कूल परिसर में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित किया गया। जिसके बाद शिविर में मरीजों का इलाज शुरू किया गया, जहां कई लोगों को ड्रिप चढ़ाकर प्राथमिक उपचार दिया गया वही विभाग ने एहतियात के तौर पर अगले तीन दिनों तक शिविर जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
घर-घर जाकर ग्रामीणों की जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर ग्रामीणों की जांच कर रही है, ताकि किसी भी अन्य प्रभावित व्यक्ति की पहचान कर समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरेंद्र बघेल ने बताया कि शादी समारोह के भोज के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही तत्काल टीम भेजी गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिला अस्पताल रेफर किए गए मरीज की हालत में सुधार हो रहा है।
ग्रामीणों से अपील
प्राथमिक जांच में मांसाहारी भोजन के सेवन के बाद फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। वहीं डॉक्टर ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि हमेशा ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन ही करें। बासी या खुले में रखा खाना खाने से बचें। खासकर मांसाहारी भोजन को पूरी तरह पकाना जरूरी है और भोजन बनाने व परोसने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। साथ ही साफ पानी का उपयोग करें और खाने से पहले व बाद में हाथ धोने की आदत अपनाएं। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी को उल्टी, दस्त या कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या लगाए गए शिविर में पहुंचकर इलाज कराएं।

User 1











