पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से देशी शराब और मोटरसाइकिल समेत कुल 1,23,760 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी धमतरी के निर्देश पर अवैध शराब, मादक पदार्थ और जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने दो टीमों का गठन कर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की।
पहली कार्रवाई बेलरदोना रोड पुलिया के पास मथुरा नगर क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने डोमार सिंह अनेश्वरी (35 वर्ष) निवासी करेलीबड़ी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 30 पौवा देशी शराब (कीमत 2,400 रुपये) और यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल (कीमत 1,00,000 रुपये) जब्त की गई। कुल 1,02,400 रुपये का सामान बरामद हुआ।
वहीं दूसरी टीम ने शीतला मंदिर के सामने मगरलोड आम रोड पर कार्रवाई करते हुए अनिल वर्मा (29 वर्ष) निवासी चारभाठा को पकड़ा। उसके कब्जे से 42 पौवा देशी शराब (कीमत 3,360 रुपये) और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत 18,000 रुपये) बरामद की गई। कुल 21,360 रुपये का माल जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके।

User 1














