पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर के सामने ही लंबे समय से कथित तौर पर नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 52 हजार रुपये मूल्य की अल्प्राजोलम (Alprazolam) टैबलेट बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, नेवई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा के शिवपारा शीतला तालाब के पास रहने वाला एक युवक अपने घर के सामने अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी सुजल सिंह (22 वर्ष), निवासी शीतला पारा, स्टेशन मरोदा के कब्जे से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की 13 पत्तियां बरामद हुईं। जब्त दवाइयों का कुल वजन 16.12 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 52 हजार रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

User 1











