पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे का विवाद एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। चीतापाली गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बीच एक दिव्यांग बेटे ने कथित तौर पर अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मां को बचाने आए पिता पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी रामकुमार यादव लंबे समय से परिवार की जमीन में अपना हिस्सा मांग रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार द्वारा बंटवारे से इनकार किए जाने पर उसका विवाद बढ़ गया। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर अपनी मां जानकुंवर यादव पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान मां को बचाने पहुंचे पिता श्याम लाल यादव भी आरोपी के गुस्से का शिकार हो गए। उन पर किए गए हमले में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी रामकुमार यादव दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और शनिवार सुबह ग्राम अंजोरीपाली से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या (BNS धारा 103) और हत्या के प्रयास (BNS धारा 109) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

User 1











