Header Ad


चलती पैसेंजर बस रोककर चालक से गुंडागर्दी! बेल्ट लहराकर दी धमकी



post

पब्लिक स्वर,कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया क्षेत्र से सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवक बीच सड़क पर एक चलती पैसेंजर बस को रोककर चालक के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक बेल्ट लहराकर चालक को डराने का प्रयास करता नजर आ रहा है। हालांकि पब्लिक स्वर इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता साथ ही पुलिस की आधिकारिक जांच व बयान का इंतजार है।

शाम के वक्त बीच सड़क पर रोकी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मुंगेली से पंडरिया आ रही एक यात्री बस को पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर हिसार पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने रोक लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपित युवक ग्राम रेहुटा या उसके आसपास के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने बस को कुछ समय तक बीच सड़क पर रोककर चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं।

यात्रियों में दहशत, यातायात भी हुआ प्रभावित

घटना के समय बस में महिला, बच्चे, बुजुर्ग और बीमार मरीज समेत कई यात्री सवार थे। अचानक हुए हंगामे से यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस के बीच सड़क पर खड़े रहने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

वीडियो वायरल, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को बीच रास्ते में रोककर चालक के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डालता है।

पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। यदि शिकायत दर्ज होती है या पुलिस स्वतः संज्ञान लेती है, तो आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर रहेगी।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, KAVARDHA NEWS, CHALTI PASSENGER BAS NEWS, CHALATI PASSENGAR BAS ROKKAR CHALAK SE GINDAGARDI NEWS, BAS CHALAK SE GINDAGARDI NEWS, BELT DIKHAKAR DHAMKI NEWS, PANDARIYA THANA NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER