पब्लिक स्वर,रायपुर। सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर की गई हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से मुलाकात करेगी तथा पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस समिति का संयोजक चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव को बनाया गया है। समिति में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और जैजेपुर विधायक बालेश्वर साहू को सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने समिति के सदस्यों से कहा है कि वे घटना की वस्तुस्थिति का प्रत्यक्ष रूप से आकलन करें, पीड़ित परिवार एवं ग्रामवासियों से चर्चा कर सभी तथ्यों की जानकारी जुटाएं और उसके आधार पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौंपें।
गौरतलब है कि सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में नकाबपोश युवकों ने युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामले की पुलिस जांच जारी है, वहीं अब कांग्रेस ने भी अपने स्तर पर जांच समिति गठित कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।

User 1











