पब्लिक स्वर,मुंगेली। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव के तालाब में युवक की लाश तैरती हुई मिलने के बाद मामला अब केवल हादसा नहीं, बल्कि शक और सवालों के घेरे में आ गया है। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवचंद के रूप में हुई है, जो सालहेघोरी गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि देवचंद घटना वाले दिन गांव के तालाब में मछली पकड़ने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद देवचंद का शव तालाब में तैरता हुआ मिला।
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि देवचंद को तैराकी में महारत हासिल थी। गांव के लोगों के मुताबिक वह बेहद अच्छा तैराक था और अक्सर तालाब में घंटों मछली पकड़ता था। ऐसे में अचानक तालाब में डूबने से उसकी मौत होना परिजनों और ग्रामीणों के गले नहीं उतर रहा है। परिवार का आरोप है कि देवचंद की मौत सामान्य हादसा नहीं हो सकती। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है ताकि मामले को डूबने की घटना दिखाया जा सके। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
सूचना मिलते ही लोरमी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं पुलिस गांव के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में तनाव और जिज्ञासा का माहौल बना दिया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है।।

User 1













