पब्लिक स्वर,रायपुर। देशभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महंगाई और ईंधन संकट के लिए सीधे तौर पर केंद्र को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए।
भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा सरकार जनता को उपदेश तो देती है, लेकिन खुद उन बातों का पालन नहीं करती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “उपदेश कुशल बहुतेरे… प्रधानमंत्री कहते हैं विदेश यात्रा नहीं करना और खुद लगातार विदेश यात्राओं पर निकल जाते हैं। दूसरों के लिए अलग नियम हैं और खुद के लिए अलग।”
सुशासन तिहार पर भी साधा निशाना
ईंधन की कीमतों के मुद्दे के साथ-साथ भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में चल रहे “सुशासन तिहार” कार्यक्रम को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रमों में पहुंचते तो हैं, लेकिन जनता उनसे खुलकर मिल नहीं पा रही है। बघेल ने कहा, “प्रशासन किसी के नियंत्रण में नहीं है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों में भी हताशा दिखाई दे रही है।”

User 1











