पब्लिक स्वर,जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर से लगे बकावंत ब्लॉक के तारापुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल डलवाने के कुछ ही सेकेंड बाद एक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार सामान्य रूप से पेट्रोल भरवाने के लिए फ्यूल स्टेशन पहुंचा था। पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़ने लगा, तभी बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और फिर तेज लपटें उठने लगीं। पेट्रोल पंप परिसर में आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाई और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका
प्राथमिक तौर पर बाइक में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के बाद यदि बाइक की वायरिंग में स्पार्किंग हो जाए या इंजन के पास ईंधन रिसाव हो, तो आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

User 1












