पब्लिक स्वर,बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल सिम्स (SIMS) अस्पताल एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी व्यवहार से जुड़ा है। सिम्स के NICU वार्ड के बाहर सफाई कार्य के दौरान रोकने पर हिंदूवादी संगठन से जुड़े नेता राम सिंह ठाकुर भड़क गए और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी मनीष कश्यप के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि NICU के बाहर सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी ने लोगों की आवाजाही रोक रखी थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर राम सिंह ठाकुर और गार्ड के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। वायरल वीडियो में राम सिंह ठाकुर सुरक्षाकर्मी का कॉलर पकड़ते और उसे धमकाते नजर आ रहे हैं।
“स्वास्थ्य मंत्री को बुलाऊंगा…” कहकर दी धमकी
वीडियो में राम सिंह ठाकुर कथित तौर पर गार्ड से कहते सुनाई दे रहे हैं — “तुम्हारे दो बाप के साथ आऊंगा… फिर डीन को बुलाऊंगा… स्वास्थ्य मंत्री को बुलाऊंगा… सबका हिसाब कर देंगे… नौकर हो तो नौकरी करो…”
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सुरक्षाकर्मी मनीष कश्यप का आरोप है कि उसके साथ सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज की गई और मारपीट में उसके गले की चेन और लॉकेट भी टूट गया।
“आम आदमी से ढंग से बात करनी चाहिए” — राम सिंह ठाकुर
विवाद के बाद राम सिंह ठाकुर ने अपनी सफाई में कहा कि उनका गुस्सा गार्ड के व्यवहार की वजह से भड़का। उनका आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने अभद्र तरीके से बात की। राम सिंह के मुताबिक, “वह ‘अरे कहां जा रहे हो’ बोलकर रोक रहा था। अगर विनम्रता से ‘भाई, मत जाइए’ कहता तो बात वहीं खत्म हो जाती।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में आम लोगों के साथ सुरक्षाकर्मी अक्सर दुर्व्यवहार करते हैं और इसी कारण विवाद की स्थिति बनी।
नर्सिंग स्टाफ ने कराया बीच-बचाव
घटना के दौरान मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राम सिंह ठाकुर काफी देर तक अस्पताल परिसर में चिल्लाते रहे और अस्पताल व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे।
सिम्स प्रबंधन ने दिए जांच के निर्देश
मामले के तूल पकड़ने के बाद सिम्स प्रबंधन ने जांच के निर्देश दिए हैं। सिम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (MS) डॉ. लखन सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर दोनों पक्षों से बात की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी तरह का हंगामा, गाली-गलौज या झूमाझटकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1












