पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में नग्न अवस्था में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतिका की पहचान 31 वर्षीय अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसकी हत्या उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल ने शादी के दबाव से परेशान होकर सुनियोजित तरीके से की थी। आरोपी पहले से विवाहित है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जंगल में नग्न अवस्था में मिला था शव
मामला 12 मई का है, जब ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में शासकीय जमीन पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। गांव के कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी लकड़ी लेने जंगल गए थे, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची। शव नग्न अवस्था में था, जिससे हत्या के साथ अन्य आशंकाएं भी जताई जा रही थीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रखवाया और पहचान की कोशिश शुरू की।
गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला पहला बड़ा सुराग
जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुई। घटनास्थल से बरामद कपड़े, सैंडल और तस्वीरें परिजनों को दिखाने पर मृतिका की पहचान लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम केकराझरिया निवासी अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में एक युवक मोटरसाइकिल पर आराधना को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस सक्ती जिले के चारपारा निवासी लोकनाथ पटेल तक पहुंची।
लॉज में रुके, फिर जंगल में ले जाकर हत्या
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका आराधना के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। लेकिन वह पहले से शादीशुदा था और आराधना लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी।आरोपी ने पुलिस को बताया कि 9 मई की रात उसने आराधना से बात कर मिलने की योजना बनाई। 10 मई को वह उसे बाइक से सक्ती और दमाऊधारा मंदिर लेकर गया। शाम को दोनों सक्ती के एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया। अगले दिन वह आराधना को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया और पहले गला दबाकर बेहोश किया। इसके बाद पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद ऐसे छिपाता रहा राज
वारदात के बाद आरोपी ने घटनास्थल से सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने खून साफ किया और सामान्य तरीके से घर लौट गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शक से बचने के लिए आरोपी ने मृतिका के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक, वह महिला की आवाज निकालकर आराधना की बहन और सहेलियों से बात करता रहा, ताकि किसी को उसकी हत्या की भनक न लगे।
पुलिस ने जब्त किए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी लोकनाथ पटेल (30 वर्ष) ग्राम चारपारा, थाना एवं जिला सक्ती का रहने वाला है।

User 1











