संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे युवक से 21.30 लाख नकद बरामद, दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने की जब्ती



post

पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक के कब्जे से 21 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरी राशि जब्त कर ली है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी भेजी गई है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में नकदी लेकर संदिग्ध हालात में क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान मोहम्मद मुस्ताक (36 वर्ष) निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा थाना क्षेत्र रायपुर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद ग्रे और काले रंग के बैग से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बैग में 500 रुपये के 42 बंडल और 100 रुपये के 3 बंडल मिले। गिनती करने पर कुल रकम 21 लाख 30 हजार रुपये निकली।

रकम के स्रोत पर नहीं दे पाया जवाब

पुलिस ने युवक से नगदी के स्रोत और उससे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई स्पष्ट जानकारी या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आशंका जताई कि रकम का उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि में किया जा सकता है। इसी आधार पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए रकम जब्त कर ली।

मामले में विधिवत जब्ती पंचनामा तैयार किया गया है। साथ ही नगद राशि की जांच और स्रोत की पुष्टि के लिए आयकर विभाग रायपुर को पत्र भेजा गया है। अब आगे की जांच में यह स्पष्ट होगा कि रकम किसी वैध कारोबारी लेन-देन से जुड़ी है या फिर इसके पीछे कोई अवैध नेटवर्क सक्रिय है।

जांच में कई पहलुओं पर फोकस

सूत्रों के अनुसार पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी का बिना दस्तावेज परिवहन कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस बैंकिंग ट्रेल, मोबाइल कॉल डिटेल और युवक की गतिविधियों की भी जांच कर सकती है।


इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, आरक्षक ईश्वर साहू, रोशन राठौर, साइबर सेल प्रधान आरक्षक सचिन शोरी और आरक्षक भाकेश पटेल की अहम भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KANKERNEWS BASTARNEWS DANTEVADANEWS UTTARBASTARKANKERNEWS SANDIGDHYUVAKSELAKHOKACASHBARAMADNEWS YUVAKKEPAASSE21.30LAKHNAGADBARAMADNEWS 21.30LAKHNAGADNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER