पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटमी सोनार में देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर में मौजूद दो बुजुर्ग महिलाएं दूसरे कमरे में सो रही थीं, जिससे चोरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई।
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह घटना स्वर्गीय रमेश उर्फ बाबा सोनी के घर में हुई। देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुसे और सीधे उस कमरे तक पहुंचे, जहां अलमारी रखी थी। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान घर में मौजूद बुजुर्ग महिलाओं को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब परिवार की एक महिला सदस्य आंगन में पहुंची, तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। अलमारी खुली देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोटमी सोनार पुलिस सहायता केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी की इस बड़ी वारदात को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, शांत माने जाने वाले कोटमी सोनार गांव में इस तरह की बड़ी चोरी की घटना ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

User 1












