पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास दबिश देकर एक युवक को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल, नगदी और स्कूटी समेत कुल 1.31 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोबाइल के जरिए आईपीएल टी-20 मैच में ऑनलाइन सट्टा चला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की। मौके से संस्कार ग्वाल (25 वर्ष), निवासी रामसागरपारा धमतरी को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक Realme C-55 मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें Reddyanna.com वेबसाइट पर आईडी बनाकर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने अपने स्टेट बैंक खाते के माध्यम से ऑनलाइन लेन-देन करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, Jupiter स्कूटी और नगदी राशि जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 31 हजार 600 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। धमतरी पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क पर तकनीकी निगरानी रख रही है और अवैध सट्टा गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

User 1.jpg)















