शराब दुकान के बाहर ब्लैक में बिक रही देशी शराब? वीडियो वायरल



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर शहर के कोटा क्षेत्र में संचालित शराब दुकान एक बार फिर विवादों में आ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने आबकारी व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में शराब दुकान के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जहां कथित तौर पर खुलेआम अवैध शराब बिक्री किए जाने का दावा किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के बाहर संचालित चखना सेंटर को अवैध बिक्री के केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि ग्राहकों को निर्धारित काउंटर के बजाय सीधे बाहरी स्थान से देशी शराब उपलब्ध कराई जा रही है। इतना ही नहीं, एक पाव देशी शराब 200 रुपये तक में बेचे जाने की बात भी सामने आई है, जबकि इसकी तय सरकारी कीमत इससे काफी कम बताई जा रही है।

कमी का फायदा या संगठित खेल?

क्षेत्र में पिछले कई दिनों से देशी शराब की कमी की चर्चा चल रही है। ग्राहकों को दुकानों में “स्टॉक खत्म” होने की जानकारी दी जा रही थी। इसी बीच वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि आखिर जब दुकान में शराब उपलब्ध नहीं थी, तब बाहर सप्लाई कहां से हो रही थी?

स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल ओवररेटिंग का मामला नहीं, बल्कि एक संगठित अवैध नेटवर्क हो सकता है, जिसमें सप्लाई, स्टॉक और बिक्री को लेकर अंदरूनी मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि शराब दुकान के बाहर खुलेआम बिक्री हो रही थी, तो संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था कहां थी।

आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल

मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। आमतौर पर शराब दुकानों के आसपास निगरानी, रेट लिस्ट और वैध बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विभाग की होती है। बावजूद इसके यदि दुकान के बाहर कथित अवैध बिक्री चल रही थी, तो यह निगरानी तंत्र की बड़ी चूक मानी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने उठाई जांच की मांग

वायरल वीडियो के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध बिक्री में शामिल लोगों की पहचान करने और ओवररेटिंग पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो अवैध शराब बिक्री का यह नेटवर्क और ज्यादा फैल सकता है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन और आबकारी विभाग इस वायरल वीडियो को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BULASPURNEWS KOTANEWS BILASPURKOTANEWS AVIDHSARABNEWS SARABDUNAKEBAHARBLECMEMILRAHISARABNEWS SARABDUKANKEBAHARAVUDHBIKRINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER