पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना नगरी पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 26.66 लीटर अवैध शराब और 4010 रुपये की बिक्री रकम जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरी पुलिस ने मुखबिर सूचना और पूर्व शिकायतों के आधार पर विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई की। चारों स्थानों पर अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के ठिकानों का भंडाफोड़ किया गया। मौके पर ही शराब बनाने में उपयोग हो रही भट्टियों को तोड़ा गया और भारी मात्रा में लाहान नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में बिरझु राम सोनबेर (55), निर्मला नवरंग (45), लल्लन कुमार नवरंग (61) और फगनी बाई (45) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग प्रकरणों में कच्ची महुआ शराब और नगद राशि बरामद की गई। चारों मामलों में आबकारी एक्ट की धारा 34(1) और 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों पर भी प्रहार किया जाएगा।
बड़ा सवाल: लगातार कार्रवाई के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब का कारोबार आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है?

User 1














