ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे गांजा तस्कर धमतरी में गिरफ्तार, 55 किलो बरामद



post



पब्लिक स्वर,धमतरी। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सांकरा चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 54.970 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 27.50 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में एक रेनॉल्ट डस्टर कार और चार मोबाइल फोन समेत कुल 33,53,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को मैनपुर की ओर से आ रही MH 45 AD 9001 नंबर की डस्टर कार को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार तीन संदिग्धों से पूछताछ के बाद डिक्की की तलाशी लेने पर 38 पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमोल अरुण ओढेंकर (33 वर्ष, नासिक), तनिष गायकवाड (19 वर्ष, अहमदनगर) और ऋषिकेश सिरसाट (23 वर्ष, अहमदनगर) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों, खासकर ओडिशा-छत्तीसगढ़ ट्राई-जंक्शन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों को हर वाहन की बारीकी से जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 15 दिन पहले भी इसी सांकरा नाके पर सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 127.09 किलो गांजा जब्त कर तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया था। उस कार्रवाई में करीब 72.71 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि धमतरी पुलिस तस्करी नेटवर्क को कमजोर करने के लिए रणनीतिक तरीके से काम कर रही है और सीमावर्ती इलाकों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTRINEWS GANJATASKARINEWS ODISASEMAHARASTRLEJARAHEGANJATASKARNEWS DASTRCARSEGABJABARAMADNEWS CAARSE55KILOGANJAJABTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER