पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सांकरा चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 37.800 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 25.30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बोरई, कुन्दई (ओडिशा) और विश्रामपुरी (कोंडागांव) ट्राई-जंक्शन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसपी द्वारा स्वयं नाका चेकिंग और अधिकारियों को ब्रीफिंग दिए जाने का असर भी अब साफ नजर आ रहा है।
05 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मैनपुर की ओर से एक सफेद महेन्द्रा TUV 300 वाहन में सवार तीन लोग अवैध गांजा लेकर धमतरी की ओर आ रहे हैं। सूचना पर सांकरा नाके पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन MH 30 AZ 4746 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की से 44 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 37.800 किलोग्राम है और इसकी कीमत लगभग 18.90 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के भवानीपटना से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन (कीमत लगभग 6 लाख रुपये) और 4 मोबाइल फोन (लगभग 40 हजार रुपये) भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय नंदू जाधव (27 वर्ष), मनोहर बालाजी कांबले (35 वर्ष) और अंतावन राजू पगारे (19 वर्ष) शामिल हैं, जो महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। तीनों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते 24 घंटों में धमतरी पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 92.770 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इससे पहले भी सांकरा चेक पोस्ट पर 54.970 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लग रहा है।

User 1















