पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने मंगलवार रात खौफनाक रूप ले लिया, जब नशे में धुत एक बाउंसर ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) के रूप में हुई है, जो पेशे से बाउंसर है। वह अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच जीतेंद्र नशे की हालत में मोवा बाजार स्थित अपने ससुराल पहुंचा। वह बच्चे से मिलने की जिद कर रहा था। इस दौरान उसकी सालियां—गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24)—बाहर आईं और उसे समझाकर वापस जाने की कोशिश की। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों बहनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया। दुर्गेश्वरी का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का अपनी पत्नी के साथ आए दिन विवाद होता था। इसी पारिवारिक तनाव ने इस घटना को जन्म दिया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि बाहर निकलकर सड़क पर हवाई फायरिंग की और फिर खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा पाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

User 1












