धमतरी के पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रस्तुति के दौरान अचानक ढह गया मंच, नीचे गिरी 9 छात्राएं



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी के पीजी कॉलेज में आयोजित इंटर कॉलेज युवा फेस्ट के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच अचानक मंच ढह गया। इस घटना में प्रस्तुति दे रही नौ छात्राएं मंच समेत नीचे गिर गईं। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, इस युवा फेस्ट में जिले और आसपास के कई कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। कार्यक्रम के तहत 30 से अधिक विधाओं में प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही थीं। इसी दौरान छात्राओं का एक समूह छत्तीसगढ़ी पारंपरिक आदिवासी धुन पर नृत्य प्रस्तुत कर रहा था।

वायरल वीडियो में दिखता है कि प्रस्तुति शुरू होने के कुछ ही सेकंड बाद मंच का पिछला हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर जाता है। छात्राएं खुद को संभालने की कोशिश करती हैं, लेकिन तभी मंच का अगला हिस्सा भी ढह जाता है और सभी नीचे गिर जाती हैं। अचानक हुए इस हादसे से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य छात्र-छात्राएं और आयोजक मौके पर पहुंचे और गिरी हुई छात्राओं को उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी छात्रा को गंभीर चोट लगने की खबर नहीं है, हालांकि कुछ को हल्की चोटें आई हैं।

इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन और आयोजन समिति की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं, खासकर मंच की मजबूती और सुरक्षा इंतजामों को लेकर। फिलहाल इस मामले में आधिकारिक रूप से किसी जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन जिस तरह से मंच अचानक ढहा, उसने इस पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS PGCOLLEGNEWS DHAMTARIPGCOLLEGMEHADSANEWS SANSKRITIKKARYKARMJEDAURANTUTAMANCHNEWS 9CHATRAYEGIRINICHENEWS MANCHTUTNESENICHEGIRI9CHATRAYENNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER