पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई, जहां सराफा कारोबारी के कर्मचारी पर तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी से भरे बैग को लूट लिया गया। हमले में घायल कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
घटना का पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक, खरोरा इलाके में ‘महावीर ज्वैलर्स’ नाम से संचालित सराफा दुकान की दो शाखाएं हैं, जिनका संचालन जैन परिवार द्वारा किया जाता है। दुकान में मैनेजर के पद पर कार्यरत टीकाराम शर्मा मंगलवार शाम एक शाखा से दूसरी शाखा की ओर जेवरात लेकर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे तिल्दाडीह मोड़ के पास अचानक आई आंधी-बारिश के कारण उन्होंने कुछ समय के लिए रास्ते में रुकना पड़ा। मौसम शांत होने के बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
तलवार से वार, फिर बैग छीनकर फरार
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने टीकाराम शर्मा के सिर पर तलवार से वार किया। हमले से वे संभल भी नहीं पाए थे कि आरोपियों ने उनके पास मौजूद सोने-चांदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। आरोपियों की संख्या 2 से 3 बताई जा रही है।
घायल की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी
हमले में गंभीर रूप से घायल टीकाराम शर्मा को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ज्वैलर्स प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंची।
प्लानिंग के तहत वारदात की आशंका
घटना के बाद खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह लूट सुनियोजित प्रतीत हो रही है, क्योंकि आरोपियों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी होने की आशंका है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ने सराफा कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी मात्रा में कीमती जेवरात के परिवहन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमी इस वारदात में एक अहम कारण मानी जा रही है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले के सभी पहलुओं—अंदरूनी जानकारी, रूट लीक और संभावित रेकी—की गहन जांच की जा रही है।

User 1












