पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्राह्मणबाहरा में शराब के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव (20 वर्ष), नरेश यादव और शिशुपाल मरकाम (38 वर्ष) एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई।
विवाद के बढ़ने पर पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव ने पास में रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) उठाकर शिशुपाल मरकाम के चेहरे पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसने नरेश यादव को निशाना बनाते हुए उसके सिर और कान पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब 30 अप्रैल 2026 को पुलिस को ब्राह्मणबाहरा के मसान घाट जंगल के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे रायपुर रेफर किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलेश्वर उर्फ सोनू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

User 1


.jpg)











