Header Ad


4.56 करोड़ के गांजा तस्करी सिंडिकेट का सरगना यूपी से गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक" अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 4.56 करोड़ रुपये मूल्य के गांजा तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और कथित नशा माफिया विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी (50 वर्ष) को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर महासमुंद लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ के दौरान अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

अप्रैल में पकड़ी गई थी 912 किलो से अधिक गांजे की खेप

मामले की शुरुआत 17 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन (AP 39 TT 4556) को रोका था। जांच में पता चला कि वाहन में कच्चे केले की खेप के नीचे छिपाकर 29 प्लास्टिक बोरियों में 912.760 किलोग्राम गांजा रखा गया था।पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान वाहन से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई थीं, जिससे तस्करों द्वारा पुलिस को गुमराह करने की कोशिश का खुलासा हुआ।

ओडिशा से यूपी तक फैला था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि गांजे की यह खेप ओडिशा के कंधमाल जिले से लोड की गई थी और इसे उत्तर प्रदेश के शामली में पहुंचाया जाना था। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ तथा मुख्य बिचौलिये राम कुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर के मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। पुलिस को मिले साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि पूरे नेटवर्क का संचालन और वित्तीय प्रबंधन विनय शर्मा द्वारा किया जा रहा था। वह इस खेप का मुख्य रिसीवर होने के साथ-साथ पूरे कारोबार का कथित फायनेंसर भी था।

विशेष टीम ने शामली में दबिश देकर दबोचा

महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद बसना थाना से एक विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई। टीम ने 17 जून को शामली में कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया।

शराब कारोबार की आड़ में संचालित हो रहा था सिंडिकेट

पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी विनय शर्मा मूल रूप से शराब, भांग और गांजे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि वह विभिन्न राज्यों में संचालित 10 से अधिक शराब ठेकों की आड़ में अंतरराज्यीय स्तर पर नशीले पदार्थों के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।हालांकि इन आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और आगे की जांच के बाद ही होगी।

सप्लायर से सरगना तक सभी गिरफ्तार

महासमुंद पुलिस ने इस मामले में "एंड-टू-एंड" कार्रवाई करते हुए तस्करी श्रृंखला से जुड़े प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी 

विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी (उत्तर प्रदेश) – मुख्य रिसीवर एवं सरगना, गिरफ्तार 17 जून 2026, अब्दुल नईम (झारखंड) – वाहन चालक एवं कैरियर, गिरफ्तार 17 अप्रैल 2026, राम कुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर – मुख्य बिचौलिया, गिरफ्तार 24 अप्रैल 2026, रमाकांत बेहरा (कंधमाल, ओडिशा) – मुख्य गांजा सप्लायर, गिरफ्तार 24 अप्रैल 2026, बबूल नायक (कंधमाल, ओडिशा) – मुख्य गांजा सप्लायर, गिरफ्तार 14 मई 2026

अब तक की जब्ती

912.760 किलोग्राम अवैध गांजा, एक आयशर प्रो 2059 मालवाहक वाहन, चार फर्जी नंबर प्लेट

पूछताछ में हो सकते हैं और बड़े खुलासे

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वित्तीय लेन-देन और विभिन्न राज्यों में फैले ड्रग सप्लाई चैन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। महासमुंद पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और तस्करी नेटवर्क की पूरी श्रृंखला को उजागर करने का प्रयास कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS MAHASAMUNDNEWS SARGANAUPSEGIRAFTAARNEWS 4.56CARODHKEGANJATASKARIKASARGANAGIRAFTAARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER