पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में गंगरेल बांध के बीच स्थित ठेमली आईलैंड को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने हाल ही में वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पैदल चलकर पाथवे निर्माण कार्य देखा। साथ ही व्यू प्वाइंट और वॉच टावर बनाने के लिए स्थान भी तय किए गए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और मजबूती पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने बताया कि गंगरेल धमतरी जिले की पहचान है और इसे साफ-सुथरा, सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन स्थल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
ठेमली आईलैंड में होंगे ये विकास कार्य
ठेमली आईलैंड को सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए कई काम किए जा रहे हैं, जिनमें शामिल हैं –
पाथवे (फुटपाथ) निर्माण, बैठने और विश्राम स्थल, रेलिंग कार्य, सोलर लाइट की व्यवस्था, व्यू प्वाइंट और वॉच टावर, हरित क्षेत्र (पेड़-पौधे और ग्रीन बेल्ट) का विकास कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु में जलभराव न हो, इसके लिए उचित ढलान और ड्रेनेज की व्यवस्था की जाए।
पर्यटकों के लिए होंगी ये सुविधाएं
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुविधा के लिए निम्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं –
पेयजल सुविधा, शौचालय, कचरा प्रबंधन व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट, सुरक्षा गार्ड की तैनाती इसके साथ ही सूचना पट्ट और दिशासूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें क्षेत्र की जैव विविधता और प्राकृतिक विशेषताओं की जानकारी भी दी जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
कलेक्टर ने वन विभाग और पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि आईलैंड क्षेत्र में स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएं और हरित पट्टी विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखकर किए जाएं, ताकि प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे।
जल्द बनेगा प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि सुनियोजित प्रयास, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता से ठेमली आईलैंड आने वाले समय में प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल बनेगा। इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी। वर्तमान में ठेमली आईलैंड पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत पाथवे, व्यू प्वाइंट, वॉच टावर, विश्राम स्थल, सोलर लाइटिंग और अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि ठेमली आईलैंड को एक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण-संतुलित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

User 1


.jpg)









