पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ग्राम खपरी बाईपास के पास एक डिजायर कार और ट्रक की टक्कर में 201 कोबरा बटालियन के 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि 1 जवान गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से कार में सफर कर रहे थे। खपरी बाईपास के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जवान कार में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से कार को काटकर जवानों को बाहर निकाला गया। हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक जवान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मृत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और घायल जवान का इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे से सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

User 1

.jpg)










