पब्लिक स्वर,धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धमतरी ने जिले में संचालित तीनों हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में तीनों हाईवे पेट्रोलिंग में पदस्थ सभी जवान उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एएसपी धमतरी ने जवानों को निर्देश दिए कि हाईवे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच की जाए और ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में हाईवे पेट्रोलिंग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (रिस्पॉन्स सिस्टम) को मजबूत करने तथा सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से तुरंत संपर्क करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

User 1


.jpg)









