पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अपराध जांच को आधुनिक और वैज्ञानिक आधार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। धमतरी पुलिस को अब फॉरेंसिक मोबाइल वैन की सुविधा मिल गई है, जिसका शुभारंभ पुलिस लाइन परिसर से किया गया। एसपी सूरज सिंह परिहार ने वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी और पुलिस विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान फॉरेंसिक टीम ने वैन में मौजूद अत्याधुनिक उपकरणों और उनकी कार्यप्रणाली का लाइव प्रदर्शन भी किया। अधिकारियों ने बताया कि यह मोबाइल वैन अपराध स्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में मदद करेगी, जिससे जांच अधिक सटीक और प्रभावी बन सकेगी।
मौके पर ही मिलेंगे अहम सुराग
फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी अमित पटेल ने बताया कि कई बार अपराध स्थल पर मौजूद महत्वपूर्ण सबूत सामान्य आंखों से दिखाई नहीं देते। ऐसे में यह मोबाइल वैन आधुनिक तकनीक और विशेष लाइटिंग सिस्टम की मदद से खून के धब्बे, फिंगरप्रिंट और अन्य सूक्ष्म साक्ष्यों (ट्रेस एविडेंस) की पहचान करने में सक्षम होगी।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग प्रकार की फॉरेंसिक लाइटों और उपकरणों के जरिए ऐसे संकेत भी तलाशे जा सकेंगे, जो जांच को सही दिशा देने में निर्णायक साबित हो सकते हैं। इससे घटनास्थल पर सबूत नष्ट होने की संभावना भी कम होगी।
जांच प्रक्रिया होगी तेज और मजबूत
एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि फॉरेंसिक मोबाइल वैन के जुड़ने से जिले की जांच प्रणाली और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक जांच पद्धति के कारण कई मामलों में पहले भी पुलिस को सफलता मिली है। वर्ष 2023 में ऐसे मामलों में प्रभावी विवेचना के आधार पर 6 आरोपियों को उम्रकैद की सजा दिलाई गई थी।
एसपी ने कहा कि आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक न सिर्फ अपराधियों तक पहुंचने में मदद करेगी, बल्कि न्याय प्रक्रिया को भी मजबूत बनाएगी। इससे आम लोगों का पुलिस और न्याय व्यवस्था पर भरोसा बढ़ेगा, वहीं अपराधियों में कानून का डर पैदा होगा।
समय की बचत के साथ बढ़ेगी सटीकता
अब तक कई मामलों में साक्ष्यों की जांच के लिए अलग से विशेषज्ञ टीम और लैब सहायता की जरूरत पड़ती थी, जिससे समय अधिक लगता था। लेकिन मोबाइल फॉरेंसिक वैन के जरिए शुरुआती जांच और साक्ष्य संग्रह मौके पर ही किया जा सकेगा। इससे जांच में तेजी आएगी और शुरुआती स्तर पर ही महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकेंगे। धमतरी पुलिस की यह नई पहल जिले में आधुनिक पुलिसिंग और वैज्ञानिक जांच प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

User 1











