पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब, नगदी रकम और एक वाहन समेत कुल 28 हजार 230 रुपये का सामान जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मगरलोड, थाना कुरूद और चौकी बिरेझर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई कर अवैध शराब बिक्री में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा।
मगरलोड में बीयर के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना मगरलोड पुलिस को सूचना मिली थी कि बेलरदोना मार्ग स्थित शराब भट्ठी आहता में एक युवक अवैध रूप से बीयर बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी उत्तम निषाद उर्फ राजा (27 वर्ष) निवासी मथुरानगर मगरलोड को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से Budweiser Magnum कंपनी की 17 केन बीयर (कुल 8.5 लीटर) और बिक्री रकम बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4,530 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
गाड़ाडीह में देशी शराब बिक्री करते आरोपी पकड़ा
थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम गाड़ाडीह में कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरधर साहू (43 वर्ष) को अवैध शराब बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 15 पौवा देशी मसाला शराब और नगदी रकम जब्त की गई। कुल जब्ती 1,850 रुपये की रही।
नया बाजार कुरूद में शराब और एक्टिवा जब्त
कुरूद के नया बाजार क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर कुमार ध्रुव (38 वर्ष) को सार्वजनिक स्थान पर शराब बेचते पकड़ा। आरोपी के पास से देशी प्लेन और मसाला शराब के अलावा बिक्री रकम तथा एक होंडा एक्टिवा वाहन जब्त किया गया। कुल जब्ती 21,180 रुपये की बताई गई है।
बिरेझर चौकी पुलिस की कार्रवाई
चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम सोनपुर बड़े नहर नाली के पास घेराबंदी कर आरोपी कमलेश कुमार टंडन (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 17 पौवा देशी शराब और बिक्री रकम जब्त की गई। कुल जब्ती 1,850 रुपये रही। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

User 1











