पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सिहावा थाना पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर दिल्ली निवासी एक तस्कर को 7 किलो 724 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी समेत करीब 4.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। खासतौर पर बोरई, कुन्दई और विश्रामपुरी ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में चेक पोस्ट बनाकर सघन वाहन जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक RJ-20-BD-3334 में गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान ले जाने वाला है। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा (40 वर्ष) निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद स्काई ब्लू रंग के बैग और पॉलिथीन से कुल 7 किलो 724 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जब्त सामग्री: 7 किलो 724 ग्राम गांजा, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, 2 हजार रुपये नगद कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 4 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
लगातार तस्करों पर कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने बताया कि सांकरा चेक पोस्ट पर पिछले कुछ दिनों में कई बड़ी कार्रवाई की गई हैं। करीब 20 दिन पहले 127 किलो गांजा के साथ 72 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई थी। इसके अलावा 54 किलो और 37 किलो गांजा की अलग-अलग खेप भी पकड़ी जा चुकी है। हाल ही में कपड़ों की आड़ में मोटरसाइकिलों से गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का भी खुलासा हुआ था, जिसमें 131 किलो गांजा बरामद किया गया था। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सख्ती और रणनीतिक कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी दबाव बना हुआ है।

User 1











