रिपोर्ट - राजेश रात्रे
पब्लिक स्वर,धमतरी - छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद अनुविभाग से एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मरौद में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक पावन धार्मिक स्थल को अपना निशाना बनाया। चोरों ने आस्था पर गहरी चोट करते हुए शीतला माता मंदिर से सोने-चांदी के छत्र, कीमती आभूषण और दानपेटी में जमा भारी-भरकम नगदी उड़ा ली है। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है।
एसडीओपी रागिनी मिश्रा दलबल के साथ मौके पर, तफ्तीश तेज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कुरुद एसडीओपी (SDOP) रागिनी मिश्रा भारी पुलिस बल और एक्सपर्ट टीम के साथ खुद घटनास्थल पर मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस की टीमें बारीकी से साक्ष्य जुटा रही हैं। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शैलेंद्र पांडे और साइबर सेल प्रभारी भानु प्रताप चंद्राकर भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है।
सुबह खुला राज, मंदिर में बिखरा था सामान
रोजाना की तरह जब सुबह ग्रामीण शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मंदिर के भीतर का सामान बेतरतीब ढंग से बिखरा पड़ा था। गर्भगृह में विराजित माता के श्रृंगार के कीमती गहने और छत्र गायब थे। दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ था। देखते ही देखते यह खबर पूरे मरौद गांव में आग की तरह फैल गई और मंदिर परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मंदिर परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
इस बड़ी वारदात के बाद से मरौद गांव के चप्पे-चप्पे पर सन्नाटा और आक्रोश का माहौल है। मंदिर परिसर में जुटे ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लोगों का कहना है कि चोरों ने न सिर्फ चोरी की है, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचाई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कुरुद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम इस अंधी चोरी को सुलझाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रही है। गांव और मंदिर के आसपास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही संदेहियों के मोबाइल लोकेशन और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड भी चेक किए जा रहे हैं।

User 1












