पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में घर के बाहर तेज धमाके वाले पटाखे फेंककर दहशत फैलाने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 बालिग युवक, 1 नाबालिग लड़का और 1 नाबालिग लड़की शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 24 मई की देर रात करीब 1 बजे की है। वीर सावरकर नगर निवासी रिंकु तिवारी के घर कुछ युवक पहुंचे और घर के बाहर तेज आवाज वाले बम जैसे पटाखे फेंककर इलाके में दहशत फैलाने लगे। अचानक हुए धमाकों से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
परिजनों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने धारदार चाकू लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर कबीर नगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू पटेल, आकाश पासवान, सूरज सिंह और शेख कलीम के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग लड़का और एक नाबालिग लड़की भी वारदात में शामिल पाए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पूछताछ में खुला चोरी का राज
पुलिस पूछताछ के दौरान मामले में नया खुलासा हुआ। आरोपियों ने माना थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित एक खिलौना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का समूह इलाके में दहशत फैलाकर अपना प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य आपराधिक उद्देश्य।
बालिग आरोपी जेल भेजे गए, नाबालिगों को बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा
कबीर नगर पुलिस ने सभी बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं नाबालिग लड़के को बाल न्यायालय और नाबालिग लड़की को किशोरी बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि राजधानी में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

User 1









