पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के भेंड्रा गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया। गांव से गुजर रहे लोगों ने जब युवक को टॉवर की ऊंचाई पर देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि युवक एक दिन पहले भी इसी टॉवर पर चढ़ गया था और घंटों तक लोगों की सांसें अटकी रहीं। काफी समझाइश और मशक्कत के बाद वह नीचे उतरा था। लेकिन शुक्रवार को उसने फिर वही हरकत दोहरा दी, जिससे ग्रामीणों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
पुलिस और परिजन कर रहे समझाने की कोशिश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाया जा रहा है। हालांकि टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण संवाद स्थापित करने में दिक्कत आ रही है। युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और उसे शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी देर तक टॉवर पर बैठा रहा, जिससे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने लोगों को दूर रहने की अपील की है।
नशे की हालत में होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक शराब के नशे में बताया जा रहा है। हालांकि उसने टॉवर पर चढ़ने जैसा खतरनाक कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस युवक की मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है।
बड़ा हादसा टला
हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ना बेहद जोखिम भरा माना जाता है। बिजली प्रवाह के कारण हल्की सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे मामलों में प्रशासन को काफी सतर्कता के साथ रेस्क्यू करना पड़ता है, क्योंकि युवक की सुरक्षा के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों की जान का खतरा भी बना रहता है। पुलिस का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा जाएगा। फिलहाल मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

User 1












